विश्व हिंदी सम्मेलन का आयोजन भारतीय विद्या भवन, न्यूयॉर्क के सहयोग से किया जा रहा
है। सम्मेलन का उद्घाटन सत्र संयुक्त राष्ट्र परिसर में होगा, जहां 'संयुक्त राष्ट्र
संघ में हिंदी' विषय पर एक सत्र का आयोजन भी किया जा रहा है। विश्व संस्था के
मुख्यालय में हिंदी पर इस प्रकार के विशद आयोजन का महत्व स्वतः स्पष्ट है।
सम्मेलन के अन्य कार्यक्रम फैशन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नॉलाजी (एफआईटी) में आयोजित किए
जाएंगे, जो स्वयं न्यूयॉर्क का प्रसिद्ध सांस्कृतिक-शैक्षणिक केंद्र है। 1944 में स्थापित
किए गए इस संस्थान को फैशन के क्षेत्र में शिक्षा का अग्रणी केंद्र माना जाता है जहां
वर्षभर शैक्षणिक-सांस्कृतिक गतिविधियां चलती रहती हैं। संस्थान की विशालता का अनुमान
इस बात से लगाया जा सकता है कि यहां 64 देशों के 6500 पूर्णकालिक और 4000 अंशकालिक
छात्र यहां शिक्षा पाते हैं।
मैनहटन के केंद्र में सेवन्थ एवेन्यू की ट्वेंटी सेवन्थ स्ट्रीट में स्थित एफआईटी आधुनिकतम
तकनीकी सुविधाओं से युक्त है। यहां का संग्रहालय फैशन के क्षेत्र में विश्व के सबसे
बड़े संग्रहालयों में गिना जाता है। विश्व हिंदी सम्मेलन में हिस्सा लेने वाले संभागियों
को यहां संचार, इंटरनेट, पुस्तकालय, कैन्टीन, लाउंज जैसी हर आवश्यक सुविधा मिलेगी।
संस्थान में वायरलैस ब्रॉडबैंड भी उपलब्ध है।
विश्व हिंदी सम्मेलन में एफआईटी के जिन प्रेक्षागृहों और प्रदर्शनी कक्षों का प्रयोग
होगा, उनमें हैफ्ट ऑडीटोरियम प्रमुख है। इसमें 775 व्यक्तियों के बैठने की व्यवस्था
है जो सम्मेलन के पूर्ण सत्रों के लिए अनुकूल है। कैटी मर्फी एम्पीथिएटर नामक
एक अन्य प्रेक्षागृह में 280 सीटें हैं। सम्मेलन के दौरान प्रदर्शनियों के आयोजन
के लिए एफआईटी के ग्रेट हॉल का चयन किया गया है। लगभग 6,324 वर्ग फुट वाले इस विशाल
हॉल में तीन प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। ग्रेट हॉल में कई छोटे बैठक कक्ष भी मौजूद हैं
जिनका प्रयोग सम्मेलन के दौरान लघु चर्चाओं, मीडिया सेंटर, सम्मेलन समाचार पत्र कक्ष,
वेबसाइट नियंत्रण कक्ष आदि के लिए किया जाएगा।
एफआईटी का पता है-
फैशन इन्स्टीट्यूट ऑफ टेक्नॉलॉजी
सेवन्थ एवेन्यू एट ट्वेन्टी सेवन्थ स्ट्रीट,
न्यूयॉर्क सिटी 10001-5992
Fashion Institute of Technology
Seventh Avenue at 27th Street,
New York City 10001-5992