विश्व हिंदी सम्मेलन से जुड़े सामान्य प्रश्न और
उनके उत्तर
प्रश्न- विश्व हिंदी सम्मेलन का आयोजन कब और कहां किया जा रहा है?
उत्तर-
विश्व हिंदी सम्मेलन का आयोजन 13 से 15 जुलाई तक न्यूयॉर्क (अमेरिका)
में किया जा रहा है।
प्रश्न- यह आयोजन किसके द्वारा किया जा रहा है?
उत्तर-
विश्व हिंदी सम्मेलन का आयोजन भारत सरकार द्वारा किया जा रहा है।
सम्मेलन से संबंधित समन्वय का कार्य विदेश मंत्रालय द्वारा किया जा रहा है तथा
न्यूयॉर्क में सम्मेलन के आयोजन से संबंधित व्यवस्था अमेरिका की हिंदी सेवी
संस्थाओं के सहयोग से भारतीय विद्या भवन संभाल रहा है।
प्रश्न- क्या सम्मेलन के आयोजन के लिए कोई समिति गठित की गई है?
उत्तर- माननीय विदेश
मंत्री श्री आनंद शर्मा जी की अध्यक्षता में एक स्थायी समिति का गठन किया गया है।
इस समिति में 33 गैर-सरकारी और 14 सरकारी सदस्य हैं। समिति के गैर-सरकारी सदस्यों
में संसद सदस्य, हिंदी के विद्वान, हिंदी सेवी, पत्रकार एवं साहित्यकार शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त सम्मेलन के आयोजन से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर विचार विमर्श करने
के लिए 11 उपसमितियों का गठन किया गया है।
प्रश्न- सम्मेलन में कुल कितने सत्र होंगे?
उत्तर- सम्मेलन में कुल
नौ शैक्षिक सत्र होंगे। इनके अतिरिक्त 13 जुलाई 2007 को प्रातः 10:00 से 11:00 बजे
तक उद्घाटन सत्र होगा और 15 जुलाई 2007 को अपराह्न 2:30 से 5:00 बजे तक समापन
समारोह होगा।
प्रश्न- मैं सम्मेलन में आलेख पढ़ना चाहता हूं। इसके लिए मुझे क्या
करना होगा?
उत्तरः कृपया अपने इच्छित आलेख का
सारांश अधिकतम तीन सौ शब्दों में 20 मई 2007 तक निम्नलिखित पते पर भिजवा दें। यदि
आपका आलेख स्वीकार किया जाता है तो आपको सूचित किया जाएगा।
अनुभाग अधिकारी (हिंदी),
235, विदेश मंत्रालय,
साउथ ब्लॉक, नई दिल्ली- 110 011
प्रश्नः मैं सम्मेलन में अपने खर्चे पर भाग लेना चाहता हूं। मुझे
क्या करना होगा?
उत्तरः
सम्मेलन के लिए पंजीकरण शुल्क भारतीय मुद्रा में 4000 रुपए और अमेरिकी मुद्रा में
90 डालर रखा गया है। संभागियों को ऑनलाइन पंजीकरण करने की सुविधा प्राप्त होगी,
जिसके एक सप्ताह के भीतर उन्हें डिमांड ड्राफ्ट या पे ऑर्डर से पंजीकरण शुल्क
भेजना होगा। एक बार यह राशि निर्धारित बैंक खाते में जमा हो जाने पर संबंधित आवेदक
की सहभागिता की पुष्टि करते हुए एक पत्र भेजा जाएगा जिसमें पंजीकरण संख्या भी
अंकित होगी। यह पत्र अमेरिकी दूतावास या कोंसुलेट को वीजा प्रार्थनापत्र के साथ
प्रस्तुत किया जा सकता है। पंजीकरण शुल्क इस पते पर भिजवाएं-
अनुभाग अधिकारी (हिंदी),
235, विदेश मंत्रालय,
साउथ ब्लॉक, नई दिल्ली- 110 011
प्रश्नः शुल्क के भुगतान का तरीका क्या है?
उत्तरः भारतीय रुपयों में पंजीकरण शुल्क जमा
करवाने के लिए 4000 रुपए का डिमांड ड्राफ्ट या पे ऑर्डर 'Pay and Accounts Officer,
M/o External Affairs'
के नाम भिजवाएं। नकद या चेक से भुगतान स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जो अमेरिकी या अन्य देशों के संभागी अमेरिकी डालर में भुगतान करना चाहते हैं
उन्हें 'CGI, New York 8th World Hindi Conference'
के नाम 90 डालर का डिमांड ड्राफ्ट या पे ऑर्डर बनवाना होगा।
प्रश्नः क्या इन कार्यों के लिए कोई अंतिम तिथियां भी है?
उत्तरः सम्मेलन के लिए पंजीकरण
करवाने और पंजीकरण शुल्क का भुगतान करने की तिथि 10 जून 2007 तक बढ़ा दी गई है।
इकत्तीस मई 2007 के बाद पंजीकरण करवाने वाले प्रतिनिधि कृपया यह सुनिश्चित करें कि
उनका पंजीकरण शुल्क पंजीकरण के समय ही जमा करवा दिया जाए। उनका पंजीकरण शुल्क भारत
में विदेश मंत्रालय या न्यूयॉर्क में भारत के कोंसुल जनरल के पास 10 जून 2007 तक
अवश्य पहुंच जाना चाहिए।
|